ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। आज तिलकनगर स्थित तनोट माता मंदिर में तिलकनगर राजपूत समाज की ओर से आगामी पार्षद चुनाव को लेकर राजपूत विचार मंच के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 200 से अधिक समाजबंधुओं ने भागीदारी की, जिसमें युवाओं की भी बड़ी एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
![]() |
| नगर निगम चुनाव को लेकर राजपूत समाज की तिलकनगर में सामाजिक बैठक |
बैठक में समाज को एकजुट एवं संगठित रखने तथा आगामी पार्षद चुनाव में समाज की राजनीतिक भागीदारी एवं प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में भाजपा एवं कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से सामान्य सीटों पर योग्य राजपूत समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने का स्पष्ट संदेश देने का निर्णय लिया गया। उपस्थित समाजबंधुओं ने कहा कि राजपूत समाज किसी एक राजनीतिक दल के साथ बंधा हुआ नहीं है, बल्कि समाज के सम्मान, प्रतिनिधित्व एवं हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि राजनीतिक दलों द्वारा समाज की अपेक्षाओं की अनदेखी की जाती है और सामान्य सीट पर राजपूत समाज के योग्य प्रत्याशी को अवसर नहीं दिया जाता, तो समाज सामूहिक रूप से राजनीतिक बहिष्कार का निर्णय लेने पर विचार करेगा।
इसके साथ ही उपस्थित समाजबंधुओं ने संकल्प लिया कि यदि समाज की लगातार उपेक्षा की जाती है, तो निर्दलीय प्रत्याशी को मैदान में उतारकर उसे सामूहिक समर्थन देने तथा संबंधित राजनीतिक दल के प्रत्याशी को पराजित करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से मतदान किया जाएगा।
बैठक में UGC से संबंधित मुद्दे एवं उसके विरोध को लेकर भी समाजबंधुओं में व्यापक आक्रोश देखने को मिला। इस विषय पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए समाजहित से जुड़े मुद्दों पर संगठित होकर आवाज उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। राजनीतिक दलों को समाज की भावनाओं और अपेक्षाओं को गंभीरता से लेते हुए उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना चाहिए।
बैठक में वरिष्ठजनों के साथ-साथ युवाओं की बड़ी संख्या में सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाया। उपस्थित समाजबंधुओं ने संगठन, एकता, सम्मान और समाजहित के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
जिसमें राजपूत विचार मंच के यशवंत सिंह, राजपाल सिंह, स्वरूप सिंह, नरेंद्र सिंह, भैरू सिंह, श्याम सिंह सहित विचार मंच के सदस्य मौजूद रहे।

