बारिश ने खोली नाल की जल निकासी व्यवस्था की पोल, स्कूल और पंचायत भवन के बाहर भरा पानी

ट्रिपल एस ओ न्यूज, नाल, 4 अगस्त। मंगलवार शाम को हुई बारिश ने नाल कस्बे की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। बारिश के बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से लेकर नाल पंचायत भवन तथा पंचायत भवन के सामने स्थित गली सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे विद्यार्थियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश ने खोली नाल की जल निकासी व्यवस्था की पोल, स्कूल और पंचायत भवन के बाहर भरा पानी
बारिश ने खोली नाल की जल निकासी व्यवस्था की पोल, स्कूल और पंचायत भवन के बाहर भरा पानी

जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को आवागमन में कठिनाई हुई, वहीं स्थानीय लोगों को भी पानी से भरी सड़कों और गलियों से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर पानी जमा होने से आवाजाही प्रभावित रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के नजदीक होने के बावजूद नाल के कई क्षेत्रों में आज तक सीवर लाइन नहीं बिछाई गई है। साथ ही वर्षा जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों और गलियों में जमा रहता है, जिससे आमजन को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उनका कहना है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पंचायत भवन एवं आसपास के क्षेत्रों में समुचित जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि बरसात के दौरान विद्यार्थियों और आमजन को राहत मिल सके तथा आवागमन सुचारु बना रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.