ग्रीष्मकालीन जिमनास्टिक्स समर कैम्प का समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 29 जून। रिस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी एवं जिला जिमनास्टिक्स संघ, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14 दिवसीय ग्रीष्मकालीन जिमनास्टिक्स समर कैम्प का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। यह शिविर 15 जून से 28 जून 2026 तक बीएलएमजी स्कूल, रानीबाज़ार में आयोजित किया गया, जिसमें 28 बच्चों ने भाग लेकर जिमनास्टिक्स की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

ग्रीष्मकालीन जिमनास्टिक्स समर कैम्प का समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
ग्रीष्मकालीन जिमनास्टिक्स समर कैम्प का समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला जिमनास्टिक्स एसोसिएशन बीकानेर के अध्यक्ष सीए सुधीश कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथियों में माणक चंद व्यास, रेखा यादव, प्रदीप सिंह पंवार, निशा लिम्बा, उमाशंकर लिम्बा, सुधा व्यास, रेखा आचार्य (महाराणा प्रताप अवार्डी), कालूराम मेघवाल तथा रिस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी की संचालक रिंकू कुमारी मौजूद रहे।

ग्रीष्मकालीन जिमनास्टिक्स समर कैम्प का समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
ग्रीष्मकालीन जिमनास्टिक्स समर कैम्प का समापन, प्रतिभागियों को किया सम्मानित


अतिथियों ने बच्चों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रहकर खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक नियमित प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। बच्चों को प्रतिदिन स्वास्थ्यवर्धक अल्पाहार के रूप में दूध-जलेबी, जूस, फल एवं अंकुरित अनाज उपलब्ध कराया गया।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनप्रीत डागला को बेस्ट क्वीन अवार्ड तथा मो. अनीश को बेस्ट किंग अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कैम्प में बच्चों को प्रशिक्षित करने का दायित्व महेश माथुर, शिवराज सिंह शेखावत, युद्धवीर सिंह भाटी, शिवशंकर नायक, धीरज कुमार, अशोक कुमार प्रजापत, पवन नायक, राजेश नायक, काजल शर्मा एवं संतोष कुमार नायक ने निभाया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को जिमनास्टिक्स की मूल तकनीकों के साथ खेल की सूक्ष्म बारीकियों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.