चकगर्बी क्षेत्र में बीडीए कार्रवाई के विरोध में बड़ा जनआंदोलन, नई संघर्ष समिति का गठन

ट्रिपल एस ओ न्यूज बीकानेर। बीकानेर शहर के चकगर्बी क्षेत्र की विभिन्न आवासीय कॉलोनियों में रह रहे हजारों नागरिकों को उजाड़ने एवं लगातार परेशान करने के उद्देश्य से बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा चलाए जा रहे कथित अभियानों के विरोध में रविवार, 5 जनवरी 2026 को एक विशाल एवं निर्णायक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक सेंट जॉन उच्च माध्यमिक विद्यालय, मरुधरा कॉलोनी, बीकानेर परिसर में संपन्न हुई, जिसमें चकगर्बी क्षेत्र की सभी कॉलोनियों के प्रतिनिधियों, मौजिज नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

चकगर्बी क्षेत्र में बीडीए कार्रवाई के विरोध में बड़ा जनआंदोलन, नई संघर्ष समिति का गठन
चकगर्बी क्षेत्र में बीडीए कार्रवाई के विरोध में बड़ा जनआंदोलन, नई संघर्ष समिति का गठन


बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बीडीए द्वारा बिना पूर्व सूचना एवं बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए कॉलोनियों के मुख्य मार्गों को तोड़ा जा रहा है। विशेष रूप से वैशाली नगर कॉलोनी में आने-जाने के रास्तों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे आमजन, महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे, विद्यार्थी एवं आपातकालीन सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। वक्ताओं ने इसे आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला बताया।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि वर्षों से यहां रह रहे लोगों ने अपने सीमित संसाधनों से मकान बनाए हैं और अब उन्हें बेघर करने का डर सताने लगा है। बीडीए की कार्रवाई से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसी संदर्भ में बैठक में सर्वसम्मति से एक नए संगठन का गठन किया गया, जिसका नाम “शहरी चकगर्बी विकास संघर्ष समिति, बीकानेर” रखा गया। संगठन का उद्देश्य चकगर्बी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के आवासीय, सामाजिक और नागरिक अधिकारों की रक्षा करना तथा प्रशासन के समक्ष जनहित की मांगों को मजबूती से रखना तय किया गया।

बैठक में सभी कॉलोनीवासियों की सर्वसम्मति से श्री विजय सिंह शेखावत को संगठन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद श्री शेखावत ने कहा कि समिति पूरी मजबूती और लोकतांत्रिक तरीके से आमजन की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक चकगर्बी क्षेत्र के निवासियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही संगठन की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा तथा आगे की रणनीति के तहत ज्ञापन, जनआंदोलन, शांतिपूर्ण प्रदर्शन एवं प्रशासनिक वार्ता जैसे कदम उठाए जाएंगे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ एवं सक्रिय नागरिक मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से
श्री हरि सिंह बड़गुजर, विमल कुमार स्वामी, बुलाकी खान भुट्टा, भीयाराम कूकना, चंदन मुखिया, रामाशीष जी, सूरज नायक, गोपीराम नायक, रविन्द्र सिंह राठौड़, अभिषेक सिंह शेखावत, शिशपाल सिंह, मुलचंद, कुलदीप सिंह, गजेन्द्र सिंह राठौड़, रणजीत सिंह सिसोदिया, प्रवेश रावत, राजेन्द्र सिंह राठौड़, किशोर तंवर, आकाश रावत, संजय बिश्नोई, रामावतार नायक, मोहित रावत, वीरेंद्र कुमार प्रजापत, रोहित सारण सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि चकगर्बी क्षेत्र के किसी भी निवासी को उजाड़ने का प्रयास किया गया तो शहरी चकगर्बी विकास संघर्ष समिति पूरे क्षेत्र को साथ लेकर एकजुट आंदोलन करेगी और न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेगी।

जिला अध्यक्ष
विजय सिंह शेखावत
शहरी चकगर्बी विकास संघर्ष समिति, बीकानेर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.