ट्रिपल एस ओ न्यूज, सुरनाणा। ग्राम सुरनाणा की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन ओबीसी कांग्रेस देहात उपाध्यक्ष हरिराम हुड्डा के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान ग्रामीण लूणाराम तर्ड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
![]() |
| सुरनाणा में सड़क, बिजली और शिक्षा सुविधाओं की मांग, ग्रामीणों ने मंत्री सुमित गोदारा को सौंपा ज्ञापन |
ज्ञापन में सुरनाणा से दुलमेरा रेलवे स्टेशन तक पक्की सड़क निर्माण, गांव के बस स्टैंड तक सड़क निर्माण तथा गांव से चक 5 व 6 डीएलएम तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई।
ग्रामीणों ने गांव के इंग्लिश मीडियम स्कूल में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति तथा विज्ञान प्रयोगशाला जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की। इसके साथ ही श्मशान भूमि की चारदीवारी एवं मुख्य द्वार निर्माण, बिजली कटौती की समस्या का समाधान तथा गांव में पर्याप्त विद्युत लोड उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में 33/11 जीएसएस की क्षतिग्रस्त चारदीवारी का पुनर्निर्माण करवाने की मांग भी की गई, ताकि दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके। वहीं वीर तेजाजी एवं शिवजी मंदिर में टीन शेड निर्माण तथा गांव में पशु चिकित्सालय भवन निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष रखी।
ग्रामीणों ने मंत्री सुमित गोदारा से जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। मंत्री गोदारा ने ग्रामीणों की समस्याओं पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

