खेलों को शिक्षा और करियर से जोड़ने की दिशा में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की राष्ट्रीय पहल

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 12 अगस्त 2026। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की राष्ट्रीय पहल ‘खेल से करियर तक’ को लेकर फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा एवं निदेशक निशा लिम्बा ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर खेल, शिक्षा, युवा विकास एवं खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

खेलों को शिक्षा और करियर से जोड़ने की दिशा में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की राष्ट्रीय पहल
खेलों को शिक्षा और करियर से जोड़ने की दिशा में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की राष्ट्रीय पहल

मुलाकात के दौरान स्कूल, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने, युवा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा खेलों को शिक्षा और करियर से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। केंद्रीय मंत्री ने खेल क्षेत्र में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों एवं खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे बजटीय प्रावधानों की जानकारी साझा की तथा भविष्य में भी खेल विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।

युवाओं को खेल से करियर तक पहुंचाने की पहल

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने केंद्रीय मंत्री को बीकानेर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘खेल से करियर तक’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों, अभिभावकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं शिक्षण संस्थानों को खेलों में उपलब्ध करियर, प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं, खेल शिक्षा, रोजगार एवं अन्य अवसरों से जोड़ना है।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब युवा पीढ़ी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है और देश के विकास में योगदान देती है, तो राष्ट्र तेजी से प्रगति करता है। उन्होंने कार्यक्रम के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पहल को और प्रभावी बनाने की दिशा में सहयोगात्मक प्रयासों की भावना व्यक्त की।

भारतीय खेल प्राधिकरण के निदेशक से भी चर्चा

इसी क्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण के निदेशक मयंक श्रीवास्तव से भी ‘खेल से करियर तक’ पहल को लेकर चर्चा की गई। फाउंडेशन की ओर से श्री श्रीवास्तव का विशेष आभार व्यक्त किया गया कि उन्होंने इस राष्ट्रीय पहल के लिए फिट इंडिया के सहयोग एवं समर्थन को स्वीकार किया तथा फाउंडेशन द्वारा भेजे गए पत्र को ई-मेल के माध्यम से स्वीकार किया।

फाउंडेशन ने कहा कि फिट इंडिया की ओर से मिले सहयोग एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया से इस राष्ट्रीय पहल को और मजबूती मिली है। संस्था का उद्देश्य फिट इंडिया की भावना के अनुरूप युवाओं को खेल, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें खेलों में उपलब्ध शिक्षा एवं करियर के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

विश्वविद्यालयों एवं खेल विशेषज्ञों से संवाद

दिल्ली प्रवास के दौरान दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की टीम ने देश के विभिन्न सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, खेल विशेषज्ञों तथा अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों से भी खेल शिक्षा, खेल करियर, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं युवा प्रतिभाओं के भविष्य को लेकर संवाद किया।

फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने कहा कि संस्था का प्रयास खेल को केवल प्रतियोगिता और पदक तक सीमित रखना नहीं है। युवाओं को यह समझाना भी जरूरी है कि खेलों के क्षेत्र में खिलाड़ी के अलावा कोचिंग, शारीरिक शिक्षा, खेल प्रबंधन, खेल विज्ञान, फिजियोथेरेपी, खेल मनोविज्ञान, फिटनेस सहित अनेक क्षेत्रों में करियर की संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि ‘खेल से शिक्षा और खेल से करियर’ की स्पष्ट दिशा मिलने से युवा अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से विकसित कर सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी कार्यक्रम को लेकर चर्चा

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की टीम ने बीकानेर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रम को लेकर चर्चा की। उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा एवं फाउंडेशन के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।

केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बीकानेर से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगा ‘खेल से करियर’ का संदेश

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने कहा कि बीकानेर में आयोजित होने वाला ‘खेल से करियर तक’ कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और करियर की नई दिशा देने की पहल है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि खिलाड़ी और अभिभावक यह समझें कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है। खेल शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य का मजबूत माध्यम भी बन सकता है।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन का मानना है कि सरकार, शिक्षण संस्थानों, भारतीय खेल प्राधिकरण, फिट इंडिया, खेल विशेषज्ञों, खिलाड़ियों, विश्वविद्यालयों, कॉर्पोरेट जगत एवं सामाजिक संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से देश की युवा खेल प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

‘खेल से करियर तक’ इसी उद्देश्य के साथ दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की राष्ट्रीय पहल है, जिसके माध्यम से युवाओं को खेलों में उपलब्ध विभिन्न अवसरों से जोड़ने और खेल को एक सम्मानजनक एवं सफल करियर विकल्प के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.