ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बीकानेर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बीकानेर से चयनित 26 खिलाड़ियों के दल ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक हासिल किए, जिनमें 5 स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।
![]() |
| राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बीकानेर का परचम, 23 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान |
जिला कराटे-डू एसोसिएशन के महासचिव सेंसेई रियाजुद्दीन अंसारी ने बताया कि बीकानेर के खिलाड़ियों ने काता एवं कुमिते दोनों विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की उपलब्धियां
बालक वर्ग में अद्वैत ने काता में स्वर्ण तथा कुमिते में कांस्य पदक जीता। गौरिक तोमर ने कुमिते में रजत पदक हासिल किया।
सब जूनियर अंडर-9 वर्ग में जयवीर ने कुमिते में स्वर्ण पदक, जबकि पंकज कुमार एवं दिनेश प्रजापत ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
कैडेट वर्ग में प्रवित सैनी ने काता एवं कुमिते दोनों में रजत पदक जीते, जबकि भावेश कस्वां ने कुमिते में कांस्य पदक हासिल किया।
14-15 आयु वर्ग में मनीष कुमार ने काता में रजत पदक जीता। चंदाराम, आशीष, महादेव, विष्णु खिचड़ एवं प्रेम सिंह चौहान ने कुमिते में कांस्य पदक हासिल किए। लोकेश एवं अभय सिंह ने कुमिते में रजत पदक जीते।
अन्य वर्ग में अनिश गोदारा ने कुमिते में स्वर्ण तथा 12-13 आयु वर्ग में रविन्द्र स्वामी ने कुमिते में कांस्य पदक हासिल किया।
बालिका वर्ग में तनिष्का सोनी ने 12-13 आयु वर्ग के कुमिते में स्वर्ण पदक जीता। पुनिया सैनी ने काता एवं कुमिते दोनों में रजत पदक हासिल किए।
14-15 आयु वर्ग में अंशी सांगवा ने काता में कांस्य एवं कुमिते में रजत पदक जीता। अंडर-9 वर्ग में इप्शिता कंवर ने कुमिते में कांस्य पदक हासिल किया।
10-11 आयु वर्ग में लव्यांशि सोनी ने कुमिते में कांस्य पदक जीता। 16-17 जूनियर वर्ग में हर्षिता कंवर ने कुमिते में स्वर्ण तथा काता में रजत पदक प्राप्त किया।
18+ महिला वर्ग में रिशिका नाथावत ने काता एवं कुमिते दोनों में रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों का आगामी माह आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान एवं बीकानेर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम के साथ मुख्य रेफरी कृष्ण स्वरूप मिश्रा तथा बीकानेर टीम के कोच जितेन्द्र कारवा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बीकानेर लौटने पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच का ढोल-नगाड़ों एवं माल्यार्पण के साथ भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

