ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 11 अगस्त। रिपोर्ट सुभाष सिंह। सूरतगढ़ थर्मल के कोल हैंडलिंग प्लांट में कार्यरत मजदूरों का रेंगा कंपनी के खिलाफ चल रहा धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर श्रम अधिकारों के उल्लंघन और भुगतान में अनियमितता के आरोप लगाए।
![]() |
| सूरतगढ़ थर्मल में मजदूरों का धरना दूसरे दिन भी जारी, रेंगा कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप |
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी द्वारा उनसे 30 दिन काम करवाकर मात्र 26 दिनों का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा उनसे प्रतिदिन करीब 12-12 घंटे काम करवाया जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि उन्होंने जब अपने न्यायोचित अधिकारों और बकाया भुगतान की मांग को लेकर आवाज उठाई तो उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि सीआईएसएफ द्वारा उनकी तलाशी ली गई, गेट पास छीन लिए गए और उन्हें प्लांट से बाहर कर दिया गया। मजदूरों ने इसे अपने अधिकारों के खिलाफ कार्रवाई बताते हुए नाराजगी जताई।
धरना दे रहे मजदूरों ने स्पष्ट किया कि वे अपने हक, सम्मान और न्याय की लड़ाई शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखेंगे। उनका कहना है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।
मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।

