वार्ड 34 में असामाजिक तत्वों का तांडव, घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट; बाइक फूंकी

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। रिपोर्ट सुभाष सिंह। शहर के वार्ड नंबर 34 में सोमवार देर रात करीब 12 बजे पुरानी रंजिश को लेकर 10-15 लोगों द्वारा कथित रूप से घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और मोटरसाइकिल जलाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

वार्ड 34 में असामाजिक तत्वों का तांडव, घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट; बाइक फूंकी
वार्ड 34 में असामाजिक तत्वों का तांडव, घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट; बाइक फूंकी

पीड़िता नम्मो कौर पत्नी सतनाम सिंह रायसिख ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हमलावरों ने पहले फोन पर धमकी दी और इसके बाद जबरन घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की। आरोपियों ने घर में रखे सामान में तोड़फोड़ की तथा बाहर खड़ी नई मोटरसाइकिल को सड़क पर खींचकर लाठियों से क्षतिग्रस्त करने के बाद आग लगा दी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान घर में रखे 60 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। काफी देर तक चले हंगामे के बाद आसपास के लोगों द्वारा छतों से ललकारने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे

घटना के विरोध में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया, यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता योगेश मेघवाल और समाजसेवी प्रदीप चौहान के नेतृत्व में दर्जनों वार्डवासी पीड़ित परिवार के साथ सिटी थाने पहुंचे।

प्रतिनिधिमंडल ने सिटी थाना सीआई कलावती चौधरी को पूरे मामले की जानकारी दी और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज तथा मोटरसाइकिल जलाने का वीडियो पुलिस को सौंपा। वार्डवासियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

सीआई कलावती चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और वारदात में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

थाने में मौजूद रहे वार्डवासी

कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में गुलजार सिंह, मनदीप सिंह, रतन सिंह, सतनाम सिंह, गुरनाम सिंह, गुरमेल सिंह, रमनदीप सिंह, बूटा सिंह, कश्मीर सिंह, दर्शन सिंह, करणी सिंह, जसविंदर सिंह, अमन, नरेंद्र सिंह, संत कौर, विमल कौर, बलविंदर कौर, संगीता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.