ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। पुलिस थाना गंगाशहर ने नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पुलिस द्वारा गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है।
![]() |
| गंगाशहर पुलिस ने नकबजनी का किया खुलासा, चोरी का सामान खरीदने वाला भी गिरफ्तार |
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सुजानदेसर निवासी रेणु गहलोत ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह अपना मकान बंद कर शहर से बाहर गई हुई थीं। पीछे से अज्ञात चोरों ने रात के समय मकान के ताले को कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज बीकानेर ओमप्रकाश आईपीएस, पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ आरपीएस, वृताधिकारी गंगाशहर प्रहलाद राय आरपीएस के निर्देशन तथा थानाधिकारी गंगाशहर गणेश कुमार विश्नोई पुलिस निरीक्षक के निकटतम सुपरविजन में टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आसूचना संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जगदीश कुमार लखेसर पुत्र कानिराम लखेसर, उम्र 29 वर्ष, निवासी पाबूजी मंदिर के पास भीनासर, थाना गंगाशहर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी जगदीश लखेसर ने अपने साथियों अनिल कुमार ब्राह्मण एवं राहुल नायक के साथ मिलकर बीकानेर शहर में नकबजनी की वारदातें करना बताया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण संजय सोनी पुत्र गौरीशंकर सोनी, उम्र 40 वर्ष, निवासी चौपड़ा स्कूल के पास, डीएस ज्वैलर्स, नई लाइन गंगाशहर को बेचे जाते थे।
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में संजय सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों तथा चोरी के माल के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

