ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग तथा श्री आशापुरा कलेक्शन, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क ग्रीष्मकालीन आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह उत्साह, गरिमा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने आत्मरक्षा कौशल एवं पारंपरिक साफा बांधने की कला का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की भरपूर सराहना बटोरी।
![]() |
| क्षत्रिय सभा का निःशुल्क आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन |
समारोह के मुख्य अतिथि कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि सीखने की कोई आयु नहीं होती और अर्जित ज्ञान जीवन में सदैव उपयोगी सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के गुर प्रत्येक व्यक्ति को आत्मविश्वासी बनाते हैं, वहीं साफा बांधने जैसी पारंपरिक कला हमारी गौरवशाली संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का माध्यम है। ग्रीष्मकालीन अवकाश का इससे बेहतर सदुपयोग नहीं हो सकता।
![]() |
| क्षत्रिय सभा का निःशुल्क आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन |
विशिष्ट अतिथि परम विभूषित पूज्य संत दाता श्री रामेश्वरानंद जी महाराज ने युवाओं से सनातन संस्कृति के आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर शारीरिक, मानसिक एवं सांस्कृतिक विकास के साथ संस्कारों का भी सशक्त माध्यम हैं।
समारोह के प्रारंभ में आत्मरक्षा प्रशिक्षक अंजू बा परिहार, साफा प्रशिक्षक विक्रम सिंह चौहान, मार्शल आर्ट प्रशिक्षक गणेश हर्ष तथा पंडित गायत्री प्रसाद का समाज सेवा एवं प्रशिक्षण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान किया गया।
इसके बाद लगभग 70 प्रशिक्षणार्थियों ने आत्मरक्षा के विभिन्न दांव-पेंचों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। वहीं साफा प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों ने विभिन्न पारंपरिक शैलियों में साफा बांधने का जीवंत प्रदर्शन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से सराहा।
क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के साथ सभी प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
शिविर प्रभारी एवं प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि क्षत्रिय सभा पिछले आठ वर्षों से लगातार ऐसे ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है, जिनके माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को आत्मरक्षा, संस्कृति, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाता है।
इस अवसर पर मोहन सिंह नाल, रणवीर सिंह नोखड़ा, भंवर सिंह उदट, महावीर सिंह पवार, केसरी सिंह मोटासर, ओंकार सिंह भाटी, वीरेंद्र सिंह नरूका, पप्पू सिंह भाटी, किशनराज सिंह बिदासर, गिरधारी सिंह खिंदासर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।


