ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग तथा श्री आशापुरा कलेक्शन, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से सात दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
![]() |
क्षत्रिय सभा द्वारा आत्मरक्षा एवं साफा बांधने का ग्रीष्मकालीन शिविर |
इस संबंध में आयोजित पूर्व तैयारी बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी मोहन सिंह नाल ने कहा कि प्राचीन काल में विद्यालयों, गुरुकुलों एवं शिक्षण संस्थानों में बच्चों को शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र की शिक्षा भी दी जाती थी। वर्तमान समय में स्वयं, परिवार एवं समाज की सुरक्षा तथा राजस्थान की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को जीवित रखने के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविरों की अत्यंत आवश्यकता है।
क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने बताया कि यह शिविर स्थानीय बीदासर हाउस, तीर्थ स्तंभ, बीकानेर में 24 जून से 30 जून 2026 तक प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। साफा बांधने का प्रशिक्षण सर्व समाज के लिए निःशुल्क रहेगा, जिसमें युवा, युवतियां, पुरुष एवं महिलाएं भाग ले सकेंगे।
शिविर संयोजक प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु विशेष रूप से गुजरात से दक्ष प्रशिक्षक श्रीमती सोनलबा अपनी टीम के साथ बीकानेर आएंगी तथा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगी। वहीं पारंपरिक साफा बांधने का प्रशिक्षण आशापुरा कलेक्शन, बीकानेर के विक्रम सिंह चौहान एवं उनकी टीम द्वारा दिया जाएगा।
शिविर में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपना पंजीकरण क्षत्रिय सभा कार्यालय, बीदासर हाउस, तीर्थ स्तंभ, बीकानेर में करवाना होगा। पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए 9214448481, 9309431996 एवं 9269194841 पर संपर्क किया जा सकता है।

