ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 13 जून। बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं कोच निशा लिम्बा, दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक तथा जिला नेटबॉल संघ बीकानेर की सचिव ने भारतीय रेल में स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री को महत्वपूर्ण सुझाव भेजे हैं।
![]() |
| स्वच्छ रेल, सुरक्षित रेल के लिए निशा लिम्बा ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री को भेजे महत्वपूर्ण सुझाव |
हाल ही में रेल यात्रा के दौरान 2nd AC कोच में भी स्वच्छता संबंधी कमियां देखने के बाद निशा लिम्बा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छ भारत अभियान ने देशभर में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए भारतीय रेल में भी कुछ व्यावहारिक सुधार किए जा सकते हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक सीट अथवा केबिन के पास छोटे डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे यात्रियों को कचरा इधर-उधर फेंकने की आवश्यकता न पड़े। साथ ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर निर्धारित जुर्माने का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
निशा लिम्बा ने प्रत्येक कोच में फर्स्ट एड किट की अनिवार्य उपलब्धता एवं उसकी स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रत्येक सीट पर QR Code आधारित शिकायत प्रणाली लागू करने का सुझाव दिया, जिससे यात्री सफाई, कचरा निस्तारण अथवा अन्य समस्याओं की सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन तक पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि “स्वच्छ रेल केवल रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री का भी नैतिक दायित्व है। यात्री जागरूकता और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय से भारतीय रेल को और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय बनाया जा सकता है।”
निशा लिम्बा ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि इन सुझावों को चयनित रेल मार्गों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाए तो यह भारतीय रेल में स्वच्छता प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं अनुकरणीय पहल साबित हो सकती है।

