ट्रिपल एस ओ न्यूज, अनूपगढ़। राज्य वृक्ष खेजड़ी और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक माने जाने वाले कीकर के हरे पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर शुक्रवार रात अनूपगढ़ क्षेत्र में भारी जनाक्रोश देखने को मिला। चक 5 पीजीएम रोड पर हुए घटनाक्रम के बाद बिश्नोई समाज और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर वन विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले धरने और जाम के बाद वन विभाग को कार्रवाई करते हुए सहायक वनपाल नैना देवी को एपीओ करना पड़ा, वहीं मौके से बड़ी मात्रा में लकड़ी और कटाई में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए।
![]() |
| "खेजड़ी कटाई पर फूटा जनाक्रोश: 3 घंटे जाम, सहायक वनपाल एपीओ, 40 क्विंटल लकड़ी जब्त" |
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8 बजे चक 5 पीजीएम स्थित एक खेत में लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से खेजड़ी एवं कीकर के पेड़ों को उखाड़कर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे खेत मालिक एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष साकेत जाखड़ ने यह गतिविधि देखी और तत्काल इसका विरोध किया। जाखड़ का आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने सहायक वनपाल के निर्देश पर कार्रवाई किए जाने की बात कही।
![]() |
| "खेजड़ी कटाई पर फूटा जनाक्रोश: 3 घंटे जाम, सहायक वनपाल एपीओ, 40 क्विंटल लकड़ी जब्त" |
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बिश्नोई समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हरे पेड़ों की कटाई में वन विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा कटाई में प्रयुक्त वाहनों को जब्त करने की मांग को लेकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते चक 5 पीजीएम रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों और वन विभाग के अधिकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। अंततः एसीएफ स्तर पर हस्तक्षेप के बाद सहायक वनपाल नैना देवी को कार्यमुक्त कर रायसिंहनगर भेजने के आदेश जारी किए गए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित करने तथा उसमें बिश्नोई समाज के प्रतिनिधि को शामिल करने का लिखित आश्वासन दिया गया। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन मिलने के बाद देर रात करीब 1:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
वन विभाग की कार्रवाई में अवैध लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा जॉन डियर ट्रैक्टर मय लोडर को जब्त कर पुलिस थाना अनूपगढ़ के सुपुर्द किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मौके से लगभग 40 क्विंटल खेजड़ी और देसी बबूल (कीकर) की लकड़ी बरामद हुई है।
रेंजर रणवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पेड़ों की कटाई होना प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों के लिए समर्पित बिश्नोई समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


