राव जैतसी का 501वां विजय दिवस श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया, राती घाटी समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 28 जून। स्थानीय श्री पंच मंदिर में रविवार को राती घाटी समिति की ओर से हिन्दू विजय युग के प्रवर्तक वीर शिरोमणि राव जैतसी का 501वां विजय दिवस ऐतिहासिक गौरव, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में राव जैतसी और राव लूणकरण के शौर्य, त्याग एवं राष्ट्र रक्षा में उनके योगदान को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने उनके आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में समिति के नवमनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी संपन्न हुआ।

राव जैतसी का 501वां विजय दिवस श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया, राती घाटी समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ
राव जैतसी का 501वां विजय दिवस श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया, राती घाटी समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ


कार्यक्रम का शुभारंभ ओम नारायण श्रीमाली के मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों ने राव जैतसी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समिति अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह बीका ने अपने संबोधन में बीकानेर के शासक राव लूणकरण और नारनौल के नवाब अबीमोर के मध्य हुए ऐतिहासिक ढोंसी युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि राव लूणकरण केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि क्षात्र धर्म के साकार स्वरूप थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म, स्वाभिमान और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए अद्वितीय साहस का परिचय दिया।

मुख्य वक्ता एवं शिक्षाविद् जानकी नारायण श्रीमाली ने कहा कि राव जैतसी का राज्यारोहण भारतीय इतिहास में युग परिवर्तन का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब विदेशी आक्रांताओं का प्रभाव बढ़ रहा था, राव जैतसी ने राती घाटी के युद्ध में बाबर के पुत्र तथा गजनी और लाहौर के शासक कामरा को पराजित कर भारतीय शौर्य का परचम लहराया। इस विजय ने न केवल पश्चिमी सीमा को सुरक्षित किया, बल्कि आगे चलकर राव चंद्रसेन, महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी जैसे महान योद्धाओं को भी छापामार युद्ध नीति अपनाने की प्रेरणा दी।

इतिहासकार डॉ. राजेन्द्र जोशी ने राव जैतसी के शासनकाल से जुड़े कम चर्चित ऐतिहासिक तथ्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया।

नवमनोनीत पदाधिकारियों ने ली शपथ

समारोह के दूसरे चरण में राती घाटी समिति के नवमनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष देवीशंकर आचार्य, कार्यसमिति सदस्य उम्मेद सिंह बीठू, राजीव गौतम, गणेश नागर तथा राम नारायण चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि का सम्मान किया गया। महिला मंत्री श्रुति बीका एवं युवाशक्ति सह-संयोजक यशवर्धन सिंह बीका का भी अभिनंदन किया गया।

अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह बीका ने महिला समिति में डॉ. सरोज राठौड़ को अध्यक्ष तथा संगीता सुथार को कोषाध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही नरेन्द्र सिंह भाटी हद्यां, जगमाल भद्रेचा, हरिसिंह बीका (छाजूसर), गोविन्द चूरा तथा सीताराम चूरा (किलचू) को कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किया गया।

कार्यकारी अध्यक्ष भंवर सिंह भेलू ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में भीमसिंह राजपुरोहित, मोहन सिंह बीका, नरेन्द्र सिंह अरड़की, भगवान सारण, छत्रसेन सुथार, महावीर सिंह पंवार, प्रदीप सिंह चौहान, तेजमाल सिंह मंडलावत, कमल नयन शुक्ला, नमामि शंकर आचार्य, मदन मोदी, गोविन्द नारायण श्रीमाली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.