ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 28 जून 2026। किशनी देवी पूनम चन्द मेमोरियल ट्रस्ट एवं बीकानेर हार्ट एंड सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पूगल रोड स्थित डॉ. जयकिशन सुथार निवास परिसर में आयोजित मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं हृदय जांच शिविर जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। शिविर में 450 से अधिक मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श, आधुनिक स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाइयों का लाभ प्राप्त किया।
![]() |
| बीकानेर में मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं हृदय जांच शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 450 से अधिक मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ |
ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री शिव दयाल सुथार ने कहा कि "स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।" इसी उद्देश्य के साथ आयोजित यह शिविर समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आए लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लेकर समय पर जांच कराने का संदेश भी प्राप्त किया।
![]() |
| बीकानेर में मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं हृदय जांच शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 450 से अधिक मरीजों ने उठाया विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ |
आधुनिक जांच सुविधाएं रहीं उपलब्ध
शिविर में सीबीसी (CBC), एचबीए1सी (HbA1c), लिपिड प्रोफाइल, ईसीजी (ECG), रक्तचाप परीक्षण, बीएमआई (BMI) मूल्यांकन सहित कई महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ-साथ जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। अनेक मरीजों में प्रारंभिक अवस्था में ही बीमारियों की पहचान होने से उन्हें समय पर उपचार की सलाह दी गई।
स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया विशेष जोर
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, पाचन संबंधी रोगों सहित विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनावमुक्त जीवनशैली तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
शिविर का शुभारंभ राजस्थान सरकार के श्री रामगोपाल सुथार, राज्य मंत्री, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
इस अवसर पर श्री श्याम सुंदर लदरेचा (डबल एडीजी, राजस्थान हाई कोर्ट, जोधपुर), श्री विजय कोचर एवं वंदे मातरम् टीम, श्री भंवर लाल जांगिड़ (प्रदेश महामंत्री, ओबीसी मोर्चा), श्री टेकचंद बरडिया, श्री घीसू सिंह राजपुरोहित (विभाग संघ चालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), श्री श्रवण जाट चाडी, श्री लक्ष्मी नारायण व्यास, श्री महावीर प्रसाद, श्री विजय आचार्य, श्री दीपक पारीक सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आयोजन की सराहना की।
अनुभवी चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. जयकिशन सुथार (हृदय एवं हार्ट सर्जरी), डॉ. सुरेंद्र पुनिया (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. अमिताभ सुथार (ऑर्थोपेडिक), डॉ. अनिल खत्री (गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट), डॉ. मीनाक्षी पुरोहित (बाल रोग), डॉ. कुशल तंवर (कैंसर रोग), डॉ. लक्ष्मी स्वामी (वरिष्ठ फिजिशियन), डॉ. सुशीला चौधरी (स्त्री एवं प्रसूति रोग), डॉ. राजकुमार कल्ला (दंत रोग), डॉ. गिरीश तंवर (पेन मैनेजमेंट), डॉ. निधि गोड़ (डाइट एवं न्यूट्रिशन), डॉ. सागर पंचारिया (फिजियोथेरेपिस्ट) तथा हेल्थ कोच डॉ. रोहित पांडे एवं उनकी टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जनरल सर्जन डॉ. तनवीर मलावत ने ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
उत्कृष्ट मंच संचालन ने बांधा समां
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन वरिष्ठ उद्घोषक श्री ज्योति प्रकाश रांगा ने किया। उनकी सशक्त प्रस्तुति एवं अनुशासित संचालन शैली ने पूरे आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाया, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
सामाजिक संस्थाओं का मिला भरपूर सहयोग
शिविर की सफलता में एएसजी आई हॉस्पिटल, श्री विश्वकर्मा सुथार समाज सामूहिक विवाह समिति, श्री बीकानेर विश्वकर्मा सेवा संघ संस्थान, श्री विश्वकर्मा सूत्रधार संपत्ति ट्रस्ट, सुथार समाज अन्न क्षेत्र समिति (श्रीकोलायत) तथा श्री विश्वकर्मा सुथार एकता फोर्स सहित अनेक सामाजिक संगठनों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
भविष्य में भी होंगे ऐसे शिविर
अस्पताल प्रबंधन एवं ट्रस्ट ने शिविर को मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन पर सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के मेगा नि:शुल्क मल्टी सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि आधुनिक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहज रूप से पहुंच सकें।


