ट्रिपल एस ओ न्यूज, नोखा। कस्बे के वेयरहाउस गोदाम के पास स्थित वार्ड संख्या 35 में बरसात के मौसम के दौरान सीवरेज व्यवस्था की समस्या से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहां बिछी हुई सीवर लाइन क्षमता से छोटी होने के कारण बारिश के दिनों में चैम्बर ओवरफ्लो हो जाते हैं और गलियों में कीचड़ फैल जाता है।
![]() |
| छोटी सीवर लाइन बनी परेशानी का कारण, वार्ड 35 के लोगों ने की बड़ी लाइन की मांग की |
मोहल्लेवासियों के अनुसार सीवर का गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से आवागमन प्रभावित होता है तथा आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ी सीवर लाइन डलवाने की मांग को लेकर संपर्क पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करवाई जा चुकी है।
स्थानीय निवासी विजय कुमार ने बताया कि नगर पालिका में स्थायी अधिशासी अधिकारी नहीं होने के कारण समस्या का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिशासी अधिकारी फोन कॉल तक रिसीव नहीं करते, जिससे आमजन की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं नगर पालिका से जल्द से जल्द बड़ी सीवर लाइन स्वीकृत कर कार्य शुरू करवाने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

