ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 18 जून। पीबीएम अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं एवं हाल ही में सामने आए प्रसूताओं से जुड़े मामलों को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल एवं देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन से मुलाकात कर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
![]() |
| पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन |
प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को अवगत कराया कि संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं तथा चिकित्सा व्यवस्था में कई प्रकार की कमियां बनी हुई हैं। कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता तथा मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग रखी।
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक जांच एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।
गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस द्वारा पिछले कई दिनों से अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, लक्ष्मण कड़वासरा, डॉ. राजेंद्र मूँड, भंवर कूकना, प्रहलाद मार्शल, श्रीकिशन गोदारा सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

