ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 14 जून। भारतीय सिंधु सभा महानगर बीकानेर एवं सहयोगी संस्था अमरलाल मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क सिंधी बाल संस्कार शिविर 2026 का रविवार को संत अमरलाल मंदिर, रथखाना में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
![]() |
| निःशुल्क सिंधी बाल संस्कार शिविर 2026 का रंगारंग समापन |
कार्यक्रम की अध्यक्षता साधु वासवानी ट्रस्ट के राजकुमार मूलचंदानी ने की। इस अवसर पर भारतीय सिंधु सभा के महानगर अध्यक्ष विजय ऐलानी, जिलाध्यक्ष हेमंत गोरवानी, मानसिंह मामनानी, सतीश रिझवानी तथा वरिष्ठ रंगकर्मी नानक हिन्दुस्तानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ इष्टदेव भगवान झूलेलाल के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। दीप प्रज्ज्वलन में दीपक आहुजा, गणेश सदारंगानी, दिलीप मनसुखानी, दौलत प्रेमजानी, मोहन थानवी, मनोज कारिया, किशोर मोटियानी, धर्मेन्द्र बालानी, सुगनचंद एवं के. कुमार आहुजा सहित अनेक समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई।
समापन समारोह में कशिश, माही एवं टिशा ने मनमोहक सिंधी नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का भरपूर मनोरंजन किया। भारतीय सिंधु सभा के किशन सदारंगानी ने बताया कि शिविर में बच्चों को सिंधी भाषा एवं बोली का लेखन, वाचन और बोलचाल सिखाने के साथ-साथ अनुशासन, समयबद्धता, सच्चाई, नैतिकता एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे संस्कारों का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सागर गारमेंट एवं अमरलाल मंदिर ट्रस्ट की ओर से उपहार तथा भारतीय सिंधु सभा के पदाधिकारियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। धोबी तलाई इकाई के अध्यक्ष तेजप्रकाश वलीरमाणी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शिविर में शिक्षिका नीता सामनानी ने सिंधी भाषा एवं बोली, वर्षा रामनानी ने मेहंदी कला, गीतिका चंदानी ने चित्रकला, वंशिका रिझवानी ने नृत्य तथा कुशल एवं दिव्यांश विधानी ने शतरंज का प्रशिक्षण दिया। शिविर के संपूर्ण कार्यक्रम के प्रभारी राजेश केशवानी रहे। आयोजन को सफल बनाने में सुरेश केशवानी, मनोज विधानी, अशोक खत्री एवं कान्ता वाधवानी का विशेष सहयोग रहा।

