निर्जला एकादशी पर सेवा का अनूठा उदाहरण, टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन ने बांटे 1100 किलो तरबूज और 201 किलो ताजा घिया

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 25 जून। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धर्म, सेवा और मानवता का सुंदर संगम देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच जहां शहरभर में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सेवा शिविर लगाए गए, वहीं टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में विशाल सेवा अभियान चलाकर राहगीरों और श्रमिकों को राहत पहुंचाई।

निर्जला एकादशी पर सेवा का अनूठा उदाहरण, टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन ने बांटे 1100 किलो तरबूज और 201 किलो ताजा घिया

संस्था की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों, श्रमिकों एवं आमजन के लिए 1100 किलो शीतल एवं ताजा तरबूज तथा 201 किलो ताजा घिया वितरित किया गया। सेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर संस्था के इस प्रयास की सराहना की।

वर्षों से निभा रही सेवा की परंपरा

टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन पिछले डेढ़ दशक से निर्जला एकादशी पर बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में सेवा कार्यों का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले सेवा शिविर में संस्था के कार्यकर्ताओं और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

उद्योगपतियों और भामाशाहों का मिला सहयोग

सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के अनेक उद्योगपतियों, भामाशाहों और समाजसेवियों ने अपना योगदान दिया। वरिष्ठ उद्योगपति सतपाल कंसल, हर्ष कंसल, सुनील कंसल, पंकज कंसल सहित पवन चांडक, चंद्रशेखर राजपुरोहित, हरदेव सोनी, बलदेव सोनी, कुणाल मित्तल, प्रकाश सामसुखा, गोविंद चौधरी भाम्बु, नितेश बत्रा, सौरभ शर्मा और दिलीप गुप्ता ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।

सेवा ही सबसे बड़ा धर्म : संस्थापक

कार्यक्रम के समापन पर टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक दिलीप गुप्ता, पंकज कंसल और प्रकाश सामसुखा ने सभी सहयोगकर्ताओं, भामाशाहों, उद्योगपतियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना और समाज में परोपकार की भावना को मजबूत करना है।

निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित यह सेवा शिविर न केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज सेवा की मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.