ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज पोर्टल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 1001 पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भालचंद्र गणेश परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
![]() |
| विश्व पर्यावरण दिवस पर एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज पोर्टल का बड़ा संकल्प, लगाए जाएंगे 1001 पौधे |
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी राजेश चुरा द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज व्यास ने कहा कि समाचार जगत केवल सूचना प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी उसका दायित्व है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों को एक-एक पौधा भेंट किया गया, ताकि वे अपने घरों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन एवं पौधों की सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाएगा।
इस अवसर पर मनोज व्यास, आनंद आचार्य, विनय थानवी, उमेश पुरोहित, योगेश खत्री, दिलीप गुप्ता, भवानी व्यास, सुमित विश्नोई, गोरधन सोनी, दाऊ कल्ला, शम्भूदयाल किराडू, विनोद किराडू, विकास रंगा, सीनू पुरोहित एवं सरवन स्वामी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के संकल्प के साथ हुआ।

