ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और युवाओं को फुटबॉल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मास्टर मंगलचंद खरखोदिया फाउंडेशन एवं मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति द्वारा आयोजित 31वें फुटबॉल समर कैंप का इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। कैंप के पोस्टर का विधिवत विमोचन एक गरिमामय समारोह में किया गया।
![]() |
| 31वें फुटबॉल समर कैंप का पोस्टर विमोचन, 25 मई से होगा शुभारंभ |
समारोह में पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान एवं अर्जुन अवार्डी मगन सिंह राजवी तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्याम चुरा, कैलाश खरखोदिया, रहमत अली, विनोद जागा, देवेंद्र पुरोहित, शुभम भोजक, अंकुर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कोच बुंदेला सिंह, त्रिभुवन ओझा, महावीर शर्मा, शिव कुमार शर्मा, कमरूदीन, आशीष एवं अभिषेक ने खिलाड़ियों को खेल के प्रति अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि आज खेल युवाओं के लिए करियर का सशक्त माध्यम बन चुका है और ऐसे कैंप प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
क्लब पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समर कैंप 25 मई से 7 जून तक स्थानीय पुष्करणा स्टेडियम में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कैंप में खिलाड़ियों को फुटबॉल की तकनीकी बारीकियों, फिटनेस ट्रेनिंग, टीम वर्क एवं मैच प्रैक्टिस का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
क्लब अध्यक्ष सुनील बांठिया ने बताया कि खिलाड़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैंप के दौरान बच्चों को पौष्टिक आहार के रूप में दूध एवं चना भी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं क्लब सचिव भरत पुरोहित ने कहा कि यह कैंप बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित करने का भी माध्यम बनेगा।
कैलाश खरखोदिया ने बताया कि कैंप में लड़कों के साथ-साथ लड़कियों को भी समान अवसर दिए जा रहे हैं, ताकि वे भी फुटबॉल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह समर कैंप बीकानेर में खेल संस्कृति को नई दिशा देने के साथ-साथ भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

