ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन एवं सम्मान देने की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग द्वारा इस वर्ष भी विशाल “क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” का आयोजन किया जाएगा। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवाओं, सेना एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
![]() |
| क्षत्रिय महासभा, बीकानेर द्वारा होगा भव्य “क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” का आयोजन |
सभा के अध्यक्ष श्री करण प्रताप सिंह सिसोदिया (कैप्सा) ने बताया कि समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, नव चयनित IAS, RAS, RJS, राजपत्रित अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को नकद पुरस्कार, प्रतीक चिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य अतिथियों एवं संत-महात्माओं की विशेष उपस्थिति रहेगी।
सभा के प्रवक्ता श्री प्रदीप सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि RBSE एवं CBSE बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, स्नातक एवं स्नातकोत्तर या समकक्ष परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ी, NEET, IIT, MNIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित विद्यार्थी, भारतीय सेना के कमीशन्ड अधिकारी तथा किसी भी क्षेत्र में विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाली समाज की प्रतिभाओं का समारोह में सम्मान किया जाएगा।
समारोह में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी साधारण आवेदन पत्र के साथ अंकतालिका एवं उपलब्धि प्रमाण पत्र की प्रति संलग्न कर 25 मई 2026 से 10 जून 2026 तक प्रातः 10:00 बजे से सांय 5:00 बजे के बीच क्षत्रिय सभा कार्यालय, बिदासर हाउस, तीर्थ स्तंभ, बीकानेर में जमा करवा सकते हैं।
सभा पदाधिकारियों ने समाज के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं एवं अभिभावकों से इस गौरवपूर्ण आयोजन में भाग लेकर समाज की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
सम्मान समारोह की तिथि एवं अन्य जानकारी शीघ्र ही पृथक रूप से जारी की जाएगी।

