ट्रिपल एस ओ न्यूज, नापासर (बीकानेर), 18 सितंबर 2026 श्री क्षत्रिय युवक संघ के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय मातृशक्ति प्राथमिक प्रशिक्षण शिविर (18 से 21 सितंबर 2026) का ध्वजारोहण के साथ 'गुरुकुल बी. एल. मोहता लर्निंग इंस्टीट्यूट, सींथल' में विधिवत शुभारंभ हुआ।
![]() |
| श्री क्षत्रिय युवक संघ: चार दिवसीय मातृशक्ति प्राथमिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ |
शिविर संचालिका शायर कंवर (अवाय) ने सभी संभागियों के भाल पर तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा:
"हमारा जन्म क्षत्रिय कुल में अनायास ही नहीं हुआ है। ईश्वर ने हमें यह दायित्व दिया है कि हम अपनी गौरवशाली परंपराओं को वर्तमान की पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से सुरक्षित रखें। जिस कुल में वीरांगनाओं और सती-शिरोमणियों ने जन्म लिया, आज हमें भी उसी रत्नगर्भा मातृशक्ति के संस्कारों को आत्मसात और संचित करना है।"
उन्होंने आगे कहा कि पूज्य तन सिंह जी ने श्रीमद्भगवद्गीता के सिद्धांतों पर आधारित श्री क्षत्रिय युवक संघ की स्थापना 22 दिसंबर 1946 को की थी। तब से संघ सामूहिक व संस्कारमयी कर्मप्रणाली के जरिए समाज-निर्माण के पुनीत कार्य में निरंतर संलग्न है। शिविर की दिनचर्या में प्रातः 4:00 बजे जागरण से लेकर रात्रि 10:00 बजे तक जागरण प्रार्थना, खेल, यज्ञ/हवन, बौद्धिक चर्चा तथा महापुरुषों व वीरांगनाओं के जीवन-चरित्र पर आधारित सत्र शामिल हैं, जिनके माध्यम से व्यक्तित्व व संस्कारों का बीजारोपण किया जाता है। उन्होंने संभागियों से पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ इस चार दिवसीय साधना में भाग लेने का आह्वान किया।
130 बालिकाएं ले रहीं प्रशिक्षण
शिविर में बीकानेर संभाग के विभिन्न गांवों—झंझेऊ, पूंदलसर, लखासर, नोखा, मोरखाना, कीरतासर, देवासर, मकाड़ासर, खिदरत, पोकरण, फलोदी, बागड़सर, सोडवाली, काक्कू आदि से आई 130 बालिकाएं भाग ले रही हैं।
शिविर के सुव्यवस्थित संचालन में बीकानेर प्रांत प्रमुख रेवंत सिंह (जाखासर), बलवंत सिंह (महनसर), जुगल सिंह (बेलासर), ओंकार सिंह (बेलासर) एवं श्रीमती सरोज कंवर (लादुंडा) व्यवस्था सहयोगी के रूप में सेवा दे रहे हैं।

