दृष्टि दिव्यांग पर्यावरण प्रेमी दिनेश चौहान ने राधाष्टमी पर की गौ-सेवा; प्रशासन से ग्रामीणों हेतु निशुल्क पौधों की मांग उठाई

ट्रिपल एस ओ न्यूज, रामदेवरा। क्षेत्र के विख्यात दृष्टि दिव्यांग पर्यावरण प्रेमी दिनेश चौहान ने राधाष्टमी के पावन पर्व पर जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। दिनेश चौहान ने रामदेवरा स्थित नंदी गौशाला पहुँचकर अपने हाथों से गौवंश और नंदी महाराज को हरा चारा एवं गुड़ खिलाया। आँखों की रोशनी न होने के बावजूद मूक पशुओं के प्रति उनके इस सेवा-भाव को देखकर उपस्थित जनसमुदाय अभिभूत हो उठा।

दृष्टि दिव्यांग पर्यावरण प्रेमी दिनेश चौहान ने राधाष्टमी पर की गौ-सेवा; प्रशासन से ग्रामीणों हेतु निशुल्क पौधों की मांग उठाई
दृष्टि दिव्यांग पर्यावरण प्रेमी दिनेश चौहान ने राधाष्टमी पर की गौ-सेवा; प्रशासन से ग्रामीणों हेतु निशुल्क पौधों की मांग उठाई


इस अवसर पर दिनेश चौहान ने कहा कि जीव-सेवा ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है और प्रत्येक नागरिक को मूक पशुओं व गौवंश के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।

प्रशासन व वन विभाग से की निशुल्क पौधों की मांग गौ-सेवा के साथ ही दिनेश चौहान ने क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों में प्रकृति के प्रति गहरा लगाव है और वे बड़े पैमाने पर पौधरोपण करना चाहते हैं।

ग्रामीणों की इस इच्छा का समर्थन करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग से पुरजोर मांग की कि रामदेवरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क एवं उन्नत किस्म के पौधे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने आग्रह किया कि यदि प्रशासन की ओर से पौधों की सुलभ व्यवस्था की जाती है, तो इस मरुस्थलीय भूभाग को हरा-भरा बनाने के संकल्प को व्यापक बल मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि दिनेश चौहान अपनी पेंशन और जीवन की जमापूंजी पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में समर्पित करते रहे हैं। उनके प्रेरणादायी जीवन पर 'हौसला पर्यावरण का' नामक पुस्तक भी प्रकाशित हो चुकी है। राधाष्टमी के पर्व पर उनके इस दोहरे सेवा-संकल्प (गौ-सेवा एवं प्रकृति रक्षा) की पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.