दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस पर ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ आयोजित: 120 प्रतिभागियों ने लिया फिटनेस, एकता और अनुशासन का संकल्प

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस के अवसर पर रविवार को लिलीपोंड पब्लिक पार्क में ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 120 बच्चों एवं अभिभावकों ने भाग लेकर खेल, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस पर ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ आयोजित: 120 प्रतिभागियों ने लिया फिटनेस, एकता और अनुशासन का संकल्प
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस पर ‘संडे स्पोर्ट्स लैब’ आयोजित: 120 प्रतिभागियों ने लिया फिटनेस, एकता और अनुशासन का संकल्प


कार्यक्रम का शुभारंभ 2.5 किलोमीटर की दौड़ के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने ज़ुम्बा, पंजाबी नृत्य और देशभक्ति गीतों के माध्यम से पूरे जोश के साथ सहभागिता निभाई। बच्चों के लिए कॉम्बिनेशन एवं कोऑर्डिनेशन आधारित खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य उनमें टीम भावना, आपसी तालमेल और अनुशासन की भावना को विकसित करना था।

समारोह में रेलवे अधिकारी सुमन जी ने मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने स्वयं विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें दैनिक जीवन में खेलों को नियमित रूप से अपनाने की सलाह दी।

राष्ट्रीय दादा-दादी दिवस के उपलक्ष्य में दो परिवारों के दादा-दादी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए डिजिटल स्क्रीन से दूरी बनाने, नशे की लत से दूर रहने तथा खेलकूद व परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने के लिए प्रेरित किया।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के निदेशक उमाशंकर जी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और विशिष्ट पहचान का निर्माण भी करते हैं। वहीं, संस्था की निदेशक निशा लिम्बा ने बताया कि संडे स्पोर्ट्स लैब का मुख्य ध्येय बीकानेर की खेल प्रतिभाओं को कम उम्र से पहचानकर उन्हें एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर शहर और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने आगामी रविवार को भी नई गतिविधियों के साथ इस अभियान को जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी’ के 4 से 7 वर्ष की आयु के नन्हे जिम्नास्ट रहे, जिन्होंने अपने बेहतरीन संतुलन और कौशल का प्रदर्शन किया।

खेल गतिविधियों का संचालन कोमल, हिताशा, साक्षी, कुसुम, निशा एवं रिशिता ने किया। व्यवस्था, नियम निर्धारण व अनुशासन प्रबंधन में अभिषेक, रुद्राक्ष, निहाल, निकोलस तथा रामनिवास की टीम का सक्रिय योगदान रहा। चित्रा, प्रेक्षा, यश व निहाल ने उपस्थित प्रतिभागियों एवं अभिभावकों से संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त किए।

कार्यक्रम का समापन अल्पाहार, देशभक्ति गीतों और "भारत माता की जय" व "वंदे मातरम्" के नारों के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.