विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी मीणा समाज का स्नेह मिलन समारोह आयोजित

ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 10 अगस्त। सुभाष सिंह। आदिवासी मीणा समाज सेवा समिति, सूरतगढ़ के तत्वावधान में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी मीणा समाज स्नेह मिलन समारोह का आयोजन जश्न मैरिज पैलेस में हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में आसपास के जिलों सहित निकटवर्ती सीमांत राज्यों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया।

विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी मीणा समाज का स्नेह मिलन समारोह आयोजित
विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी मीणा समाज का स्नेह मिलन समारोह आयोजित

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा भगवान मीन के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर शैक्षिक क्षेत्र एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं उच्च पदों पर पदोन्नत हुए समाजबंधुओं का भी प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

आदिवासी मीणा समाज सेवा समिति, सूरतगढ़ ब्लॉक शाखाध्यक्ष महेंद्र मीणा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज को नशा, बाल विवाह सहित विभिन्न सामाजिक कुरीतियों से मुक्त कर एक सशक्त एवं शिक्षित समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि समाजहित में सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देते हुए आपसी सद्भाव और एकजुटता का वातावरण तैयार करने के लिए समाजबंधुओं को संकल्पबद्ध किया गया।

समारोह के सांस्कृतिक सत्र में आतिशबाजी के बीच आदिवासी लोकगीतों पर एकल, युगल एवं सामूहिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने लोकगीतों और नृत्यों के माध्यम से आदिवासी लोक संस्कृति एवं परंपराओं की अद्भुत छटा बिखेरी, जिसे देखकर उपस्थित समाजबंधु भी झूमने पर मजबूर हो गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.