सूरतगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर सातवें दिन भी धरना जारी

ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 10 अगस्त। सुभाष सिंह ।  नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग प्रकरण के विरोध में उपखंड अधिकारी कार्यालय के समक्ष 4 अगस्त से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा।

सूरतगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर सातवें दिन भी धरना जारी
सूरतगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर सातवें दिन भी धरना जारी

धरना स्थल पर विधायक डूंगरराम गेदर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार से मामले की पूरी जानकारी ली। इसके बाद विधायक ने पीड़ित परिवार एवं धरना स्थल पर मौजूद गणमान्य नागरिकों के साथ उपखंड अधिकारी (SDM) से मुलाकात की।

सूरतगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर सातवें दिन भी धरना जारी
सूरतगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर सातवें दिन भी धरना जारी

वार्ता के दौरान विधायक ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए प्रशासन का ध्यान महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की।

धरना स्थल पर मौजूद सर्वसमाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने आंदोलन को सर्वसमाज के जागरूक नागरिकों से मिल रहे सहयोग के लिए आभार भी जताया।

इस दौरान निवर्तमान पार्षद रोहिताश होटला, गोपीराम दगल, गुलज़ार सिंह, गुरबचन सिंह, कमल सिंह बडगुजर, बलवंत सिंह और जसकरण सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

धरना समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन सकारात्मक वार्ता कर सभी जायज मांगों को स्वीकार नहीं करता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। समिति ने चेतावनी दी कि समय रहते न्यायसंगत कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं, पीड़ित परिवार ने शहरवासियों एवं संपूर्ण समाज से इंसाफ की इस लड़ाई में आगे आकर सहयोग करने और बच्ची को न्याय दिलाने की भावुक अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.