ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 16 अगस्त। रिपोर्ट सुभाष सिंह। राजपूत क्षत्रिय संस्था, करणी माता मंदिर, सूरतगढ़ की ओर से राजपूत समाज की महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सावन हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजपूत समाज के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
![]() |
| सूरतगढ़ में राजपूत समाज की महिलाओं ने मनाया हरियाली तीज महोत्सव |
महोत्सव के दौरान डांस, घूमर प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और सावन के उत्साह से सराबोर प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
आयोजन ने राजपूत समाज की महिला शक्ति, एकता, संगठन और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया। एक ही मंच पर बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं का एकत्रित होना समाज की एकजुटता और आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा।
प्रतियोगिताओं के दौरान निर्णायक मंडल ने निष्पक्ष एवं सराहनीय निर्णय दिए। वहीं मंच संचालन और संपूर्ण कार्यक्रम व्यवस्था को भी व्यवस्थित रूप से संभाला गया। महिलाओं, बालिकाओं तथा संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक भीम सिंह राठौड़, प्रहलाद सिंह राठौड़, अध्यक्ष भीख सिंह शेखावत, कोषाध्यक्ष भंवर सिंह जोधा, महासचिव विक्रम सिंह राठौड़, सचिव पदम सिंह भाटी, देवेंद्र सिंह शेखावत, छत्रपाल सिंह, बीका राजेंद्र सिंह पड़िहार, अजय सिंह देवड़ा, राजेश सिंह तोमर सहित राजपूत समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
राजपूत क्षत्रिय संस्था, सूरतगढ़ ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी महिलाओं, बालिकाओं, निर्णायक मंडल, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। संस्था ने कहा कि सभी के सहयोग, समय और सक्रिय सहभागिता से हरियाली तीज महोत्सव यादगार और सफल बन सका।

