ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मेघासर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में बीकानेर जिले को करीब 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
![]() |
| बीकानेर को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, करीब 800 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास |
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज का नया भारत अपनी नीयत और काम की गति के लिए जाना जाता है। डबल इंजन सरकार जिस काम का शिलान्यास करती है, उसका तय समय पर लोकार्पण भी करती है।
लूणकरणसर, डूंगरगढ़ और बीकानेर को बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने लूणकरणसर में मिनी सचिवालय बनाने की घोषणा की। वहीं डूंगरगढ़ में 25 करोड़ रुपये की लागत से ट्रोमा सेंटर एवं उप जिला चिकित्सालय बनाया जाएगा।
इसके अलावा मेघासर उप चिकित्सा केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई। खाजूवाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय को उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।
बीकानेर के म्यूजियम सर्किल पर पुल निर्माण, बीकानेर पश्चिम में आयुर्वेदिक औषधालय तथा सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालयों के लिए यूरो साइंसेज भवन की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण की भी घोषणा की गई।
664 करोड़ के 74 विकास कार्यों का लोकार्पण
समारोह में 664 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 74 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें पीएम कुसुम योजना के तहत 371 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 47 सौर ऊर्जा संयंत्र, 105 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न प्रमुख सड़कों का चौड़ाईकरण एवं नवीनीकरण, 24 करोड़ रुपये से अधिक लागत का 132 केवी जीएसएस हद्दां एवं लाइन तथा कृषि उपज मंडी समिति बीकानेर के विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा मुकाम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन, बीछवाल में 5 करोड़ रुपये की लागत से मरुधरा बॉटनिकल गार्डन तथा विभिन्न स्थानों पर उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का भी लोकार्पण किया गया।
143 करोड़ के 16 कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 143 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें शेरुणा में 98 करोड़ रुपये की लागत से 220 केवी जीएसएस एवं लाइन तथा 36 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बीकानेर विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन का निर्माण प्रमुख है।
किसानों और युवाओं के लिए सरकार के प्रयास गिनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की राशि प्रदेश में 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है। किसानों को बिजली बिलों में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है।
युवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपरलीक पर लगाम लगाने के लिए एसआईटी का गठन किया गया। अब तक करीब 1 लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
वीर शिरोमणि मेघो जी की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेघासर के संस्थापक वीर शिरोमणि मेघो जी की अष्टधातु निर्मित अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को मेघो जी के साहस, शौर्य और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा देती रहेगी।
कार्यक्रम में केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत बिश्नोई, विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राम गोपाल सुथार, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

