ट्रिपल एस ओ न्यूज, लूणकरनसर। रिपोर्टर भैराराम तरड़। पंडित जी फाउंडेशन फॉर कल्चरल हैरिटेज ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव “रंग रूड़ौ राजस्थान” के तहत नि:शुल्क राजस्थानी साफ़ा प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन ईश्वरलाल पंचारिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
![]() |
| साफ़ा संरक्षण का संकल्प, ‘रंग रूड़ौ राजस्थान’ महोत्सव का शुभारम्भ |
शिविर के प्रथम दिन सैकड़ों बच्चों सहित विभिन्न जिलों से आए संस्कृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. हरिमोहन सारस्वत ‘रूंख’, श्यामलाल पारीक, राज बिजारणीया, अशोक शर्मा, भरत गौड़, पूनम कंवर, हनुमान पंचारिया, निखिलेश पारीक, लक्ष्मण भाटी एवं घनश्याम जाजड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ट्रस्ट संस्थापक स्वरूप पंचारिया ने कहा कि राजस्थानी साफ़ा प्रदेश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पारम्परिक विरासत के संरक्षण के लिए युवा पीढ़ी को इससे जोड़ना समय की आवश्यकता है।
शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न पारम्परिक राजस्थानी साफ़ों को बांधने की कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य राजस्थान की लोक संस्कृति और परम्पराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
पाँच दिवसीय महोत्सव का समापन 2 अगस्त को श्री हनुमान मंदिर, लूणकरनसर में होगा। समापन समारोह में इतिहासकार राजवीर सिंह चलकोई सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

