बेटी के जन्मदिवस पर ग्राम विकास अधिकारी की अनूठी पहल, 2151 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ट्रिपल एस ओ न्यूज, लूणकरणसर। रिपोर्टर भैराराम तरड़। आज के दौर में जहां बच्चों के जन्मदिन पर लाखों रुपये खर्च कर भव्य आयोजन किए जाते हैं, वहीं लूणकरणसर उपखंड के ग्राम लखावर निवासी एवं सुरनाणा ग्राम विकास अधिकारी तोलाराम लेघा ने अपनी पुत्री हर्षिता चौधरी का जन्मदिवस पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

बेटी के जन्मदिवस पर ग्राम विकास अधिकारी की अनूठी पहल, 2151 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बेटी के जन्मदिवस पर ग्राम विकास अधिकारी की अनूठी पहल, 2151 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

तोलाराम लेघा ने बताया कि वर्ष 2022 में पुत्री हर्षिता के जन्म के अवसर पर 151 पौधों के वृक्षारोपण से इस अभियान की शुरुआत की गई थी। तब से प्रत्येक वर्ष 28 जुलाई को बेटी के जन्मदिवस पर पौधारोपण एवं पौधों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इसी क्रम में इस वर्ष ग्राम पंचायत अजीतमाना के चार गांव—शुभलाई, लखावर, अजीतमाना और करनाली—में 2151 फलदार पौधों के वितरण एवं वृक्षारोपण का वृहद अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

तोलाराम लेघा ने बताया कि वे लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के कार्यक्रमों से जुड़े हुए हैं। साथ ही समाज में बेटियों के जन्म को लेकर व्याप्त नकारात्मक सोच को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पेड़ बनने तक संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी इस मुहिम का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाली यूथ टीम का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.