ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 21 जुलाई (सुभाष सिंह)। शहर में जलदाय विभाग की कथित लापरवाही के चलते पेयजल की भारी बर्बादी हो रही है। विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से पेयजल पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। इसका परिणाम यह है कि प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल सड़कों पर बहकर व्यर्थ जा रहा है, वहीं लाखों रुपये की लागत से बनी सड़कें भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील होती जा रही हैं।
![]() |
| सूरतगढ़ में जलदाय विभाग की लापरवाही! पेयजल पाइपलाइन लीकेज से रोज़ हजारों लीटर पानी बर्बाद, सड़कें भी हुईं बदहाल |
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर भीषण गर्मी में शहरवासी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण अमूल्य पेयजल खुलेआम बर्बाद हो रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे।
अंबेडकर भवन के पास एक वर्ष से लीकेज
अंबेडकर भवन के समीप करीब एक वर्ष से पेयजल पाइपलाइन लगातार लीकेज हो रही है। इससे सड़क बुरी तरह टूट चुकी है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष परसराम भाटिया सहित क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायतें दीं तथा शहरी शिविरों में भी इस मुद्दे को उठाया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
घटिया गुणवत्ता की पाइप लगाने का आरोप
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस मार्ग पर जलदाय विभाग द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। घटिया स्तर की पाइपों के कारण जगह-जगह बार-बार लीकेज हो रही है, जिससे पेयजल की बर्बादी के साथ-साथ सड़कें भी लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
स्कूल मार्ग पर भी बनी गंभीर समस्या
भग्गू वाले कुएं के पास स्थित मुख्य मार्ग, जहां आधा दर्जन से अधिक स्कूल संचालित हैं, वहां शर्मा स्कूल के सामने भी लंबे समय से पाइपलाइन लीकेज बनी हुई है। इस मार्ग पर दिनभर विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ, स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क पर पानी भरने और सड़क टूटने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
जनता में बढ़ रहा आक्रोश
जानकारी के अनुसार शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पेयजल पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है। लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से आमजन में जलदाय विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी लीकेज पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत कर पेयजल की बर्बादी रोकी जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की भी शीघ्र मरम्मत करवाई जाए।

