भारी बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की एडवाइजरी जारी, जलभराव और अंडरपास से बचने की अपील

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 24 जुलाई। भारी वर्षा और अतिवृष्टि के कारण सड़कों पर जलभराव तथा यातायात प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग ने आमजन के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और यात्रा के समय पूरी सावधानी बरतें।

भारी बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की एडवाइजरी जारी, जलभराव और अंडरपास से बचने की अपील
भारी बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की एडवाइजरी जारी, जलभराव और अंडरपास से बचने की अपील

एडवाइजरी के अनुसार बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे वाहनों की ब्रेकिंग क्षमता प्रभावित होती है। ऐसे में वाहन धीमी गति से चलाने, पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा रात में यात्रा से पहले हेडलाइट, इंडिकेटर, ब्रेक और वाइपर की जांच करने की सलाह दी गई है।

परिवहन विभाग ने विशेष रूप से अंडरपास, रपट, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि ऐसे स्थानों पर पानी की गहराई का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है और वाहन निकालने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए चेतावनी संकेतों का पालन करें और जोखिम वाले मार्गों से बचें।

विभाग ने यह भी कहा है कि बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम और जलभराव की स्थिति बन सकती है। नागरिक घर या कार्यालय से निकलने से पहले मार्ग की यातायात स्थिति की जानकारी अवश्य लें। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम में यात्रा टालने की सलाह दी गई है।

चारपहिया वाहन चालकों को चेतावनी दी गई है कि गहरे पानी में वाहन ले जाने से उसका इलेक्ट्रिक सिस्टम प्रभावित हो सकता है, जिससे वाहन के दरवाजे तक खुलने में समस्या आ सकती है। बारिश के दौरान विंडस्क्रीन पर धुंध जमने की स्थिति में डी-फॉगर का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, जलभराव वाले स्थानों पर रेलिंग और चेतावनी संकेत लगाने तथा खुले विद्युत तारों वाले क्षेत्रों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.