ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष प्रो. साधना भंडारी के निर्देशन में आयोजित चार दिवसीय विषय संवर्धन कार्यशाला का सफल समापन हुआ। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर.के. पुरोहित ने विभाग के वार्षिक प्रतिवेदन (2025-26) का विमोचन किया।
![]() |
| प्रशासनिक शब्दावली प्रतियोगिता के साथ चार दिवसीय कार्यशाला का सफल समापन |
वार्षिक प्रतिवेदन में विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों, नवाचारपूर्ण गतिविधियों तथा वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों का समग्र विवरण प्रस्तुत किया गया। प्राचार्य प्रो. पुरोहित ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा का चयन करने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. विपिन सैनी ने कहा कि "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।" वहीं प्रो. देवेश सहारण ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे "बेरोजगार नहीं, प्रतिभागी बनें।" उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक, कौशल विकास एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने तथा अवसरों का पूरा लाभ उठाकर स्वयं को रोजगारोन्मुख एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के चौथे दिन सहायक आचार्य प्रियंका खींची के मार्गदर्शन में "प्रशासनिक शब्दावली" विषय पर रोचक अंत्याक्षरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल-खेल में प्रशासनिक शब्दावली की समझ विकसित करना तथा उन्हें प्रशासनिक एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए तैयार करना था।
चार दिवसीय कार्यशाला के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विकास कुमार, गजानंद, संतोष, पलक तंवर, मनीषा शर्मा, संदीप सिंह एवं सुमेष्ठा को प्राचार्य द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि यह कार्यशाला नवाचार आधारित शिक्षण, विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षणिक गतिविधियों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।

