ट्रिपल एस ओ न्यूज, नाल, 24 जुलाई। क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से चिंतित ग्रामीणों ने शुक्रवार को नाल गांव स्थित डिंड्ड तालाब गोगामेड़ी के पास इंद्रदेव को प्रसन्न करने एवं अच्छी वर्षा की कामना को लेकर सामूहिक हवन का आयोजन किया। पंडित गणेश महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक हवन संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने आहुतियां देकर क्षेत्र में समय पर और भरपूर वर्षा की प्रार्थना की।
![]() |
| बारिश की कामना को लेकर नाल में ग्रामीणों ने किया हवन, इंद्रदेव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना |
ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष नाल गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में अपेक्षित वर्षा नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। बिजान वाली भूमि सूखी पड़ी है, जिससे किसानों के सामने खेती प्रभावित होने की चिंता है। वहीं पशुपालकों को भी पशुओं के लिए चारा और पानी की व्यवस्था को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अच्छी बारिश होने से किसानों की फसलें सुरक्षित रहेंगी और पशुधन के लिए भी पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध हो सकेगा। इसी उद्देश्य से सभी ने एकजुट होकर इंद्रदेव से क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना की।
हवन में किसान घनश्याम मत्तड़, दुल सिंह, मदन सिंह, सवाई सिंह, दलीप सिंह, मोहन सिंह, देवी सिंह, मोहन महाराज, मनोज मत्तड़, भंवरलाल मत्तड़, नरशा नाल, रेवंत सिंह, रणजीत सिंह, महावीर सिंह, नरपत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं।

