ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 10 जुलाई। रिडमलसर फोरलेन पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रिडमलसर विकास मंच के बैनर तले शुक्रवार को प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
![]() |
| रिडमलसर फोरलेन पर सड़क सुरक्षा की मांग तेज, स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए प्रशासन को सौंपा ज्ञापन |
पूर्व अध्यक्ष जावेद मांगलिया एवं पूर्व उपसरपंच परवेज पंवार ने प्रशासन ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्राम पंचायत रिडमलसर में प्रभारी तहसीलदार को ज्ञापन देकर रिडमलसर सिपाहीयान चौराहा, मोहम्मद हुसैन पेट्रोल पंप के आगे गांव के फांटे तथा शुभम विहार कॉलोनी चौराहे के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी।
ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभारी तहसीलदार ने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कनिष्ठ अभियंता (JEN) को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया गया।
इस दौरान जावेद मांगलिया ने बताया कि उक्त चौराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में गांव के दो युवाओं की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भारी चिंता और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय करने की मांग की जा चुकी है। विभाग ने इस कार्य के लिए 10 दिन का समय मांगा है तथा निर्धारित अवधि में स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने का भरोसा दिया है।
रिडमलसर विकास मंच ने प्रशासन से मांग की कि शीघ्र कार्रवाई कर दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

