ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 17 जुलाई। शहर के रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर-1 स्थित एक मकान की ऊपरी मंजिल पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना सुबह करीब 8:30 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस और सामाजिक संस्थाओं की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
![]() |
| रानी बाजार में युवक ने फंदा लगाकर दी जान, कमरे में लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी |
मृतक की पहचान भगीरथ पुत्र मदन दास (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान की ओर से सोएब भाई, मोहम्मद जुनैद खान, शाहिद और राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में शव को नीचे उतारकर पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
मौके पर हेतराम (हेड कांस्टेबल), लेखराम (हेड कांस्टेबल) और सुभाष बिश्नोई (हेड कांस्टेबल) सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

