ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 16 जुलाई। बीकानेर के लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना के अनुसार शाम करीब 4:45 बजे लालगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक बुजुर्ग व्यक्ति बेंच पर अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी।
![]() |
| बीकानेर: लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला, पहचान कराने में जुटी पुलिस |
सूचना मिलते ही ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान के स्वयंसेवक शोएब भाई, मोहम्मद जुनैद और राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे।
जीआरपी थाना के अधिकारी गजानंद आचार्य अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस की निगरानी में शव को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मृतक ने भगवा रंग का चोला और धोती पहन रखी थी। जीआरपी पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
इस दौरान ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी के हाजी जाकिर, हाजी नसीम, शोएब भाई, मोहम्मद जुनैद खान, अब्दुल सतार, इमरान तथा राजकुमार खड़गावत सहित असहाय सेवा संस्थान बीकानेर के सदस्य मौजूद रहे।

