सूरतगढ़ के वार्ड 41, 42 और 45 में जल निकासी की समस्या बनी नासूर, नागरिकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 15 जुलाई। शहर के वार्ड संख्या 41, 42 एवं 45 में लंबे समय से बनी हुई जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को तीनों वार्डों के जागरूक नागरिकों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की। नागरिकों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के कारण आमजन को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है।

सूरतगढ़ के वार्ड 41, 42 और 45 में जल निकासी की समस्या बनी नासूर, नागरिकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सूरतगढ़ के वार्ड 41, 42 और 45 में जल निकासी की समस्या बनी नासूर, नागरिकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पूर्व पार्षद रोहिताश होटला, सुनील सैनी उर्फ बबलू सैनी एवं संदीप सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी उपखंड कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि इन वार्डों में बिना बारिश के भी जगह-जगह पानी जमा रहता है। नालियों और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

वार्डवासियों ने कहा कि बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। गलियों और सड़कों पर पानी भर जाने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार घरों में भी पानी घुसने की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है।

नागरिकों ने उपखंड अधिकारी से मांग की कि नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित कर जल्द से जल्द इन वार्डों में स्थायी जल निकासी योजना तैयार कराई जाए, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस अवसर पर गोपीराम दगल, विजय डाबला, देवी सिंह यादव, राजकुमार सोनी, देवीलाल जाट, सोनू मोंगा, संजय भाटी, रामसिंह बड़गूजर, सोनू सोनी, सिकंदर सोनी, विनोद वर्मा, पवन बिश्नोई, मुकद्दर सोनी, सुरेश खुंडियां, इंद्र पंडित, विनोद खरौड़, मनोज यादव, तेजा मौर्य, कमल सैनी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.