ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 23 जुलाई। श्री श्याम मित्र मंडल, करनी नगर लालगढ़ (बीकानेर) के तत्वावधान में आगामी 26 सितंबर 2026 (शनिवार) को सायं 7:15 बजे रिद्धि-सिद्धि पैलेस, रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया, बीकानेर में बाबा श्री श्याम का भव्य "श्री श्याम अखाड़ा" आयोजित किया जाएगा। यह दिव्य आयोजन खाटू धाम के महंत एवं निज मंदिर पुजारी महंत श्री मोहनदासजी महाराज (पौत्र स्व. श्री आलू सिंह जी महाराज) के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
![]() |
| 26 सितंबर को बीकानेर में सजेगा भव्य श्री श्याम अखाड़ा, महंत श्री मोहनदासजी महाराज के सानिध्य में होगा दिव्य आयोजन |
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में कोलकाता से सुप्रसिद्ध भजन गायक अमोल-शुभम ब्रदर्स अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को श्याम भक्ति में सराबोर करेंगे। वहीं खाटू धाम से श्री श्याम सिंह जी चौहान महाराज की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी।
रात्रि में महंत श्री मोहनदासजी महाराज द्वारा दिव्य श्री श्याम अखाड़ा लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस पावन अखाड़े में श्रद्धा और विश्वास के साथ सम्मिलित होने वाले भक्तों की मनोकामनाएं बाबा श्री श्याम की कृपा से पूर्ण होती हैं।
कार्यक्रम के दौरान बाबा श्री श्याम का अलौकिक श्रृंगार, फूलों की होली, इत्र वर्षा, केसर-चंदन से विशेष महक-अर्चना तथा भव्य भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन स्थल को भी आकर्षक सजावट एवं आध्यात्मिक वातावरण से सुसज्जित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों के तहत श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा निमंत्रण अभियान का शुभारंभ गढ़ गणेश जी मंदिर, बीकानेर से किया गया। इसके पश्चात सालासर बालाजी धाम एवं खाटू श्याम मंदिर में भी बाबा को विधिवत निमंत्रण अर्पित किया गया।
श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष नरेन्द्र जी खत्री एवं मंडल के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी श्याम भक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर बाबा श्री श्याम के दर्शन, आशीर्वाद तथा भजन संध्या का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

