खाटू श्याम मंदिर परिसर में 101 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर में भारत विकास परिषद नगर इकाई, बीकानेर एवं श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।

खाटू श्याम मंदिर परिसर में 101 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
खाटू श्याम मंदिर परिसर में 101 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता को ध्यान में रखते हुए 20 नीम, 15 शीशम, 11 चम्पा, 10 हरसिंगार, 10 पापड़ी, 5 जामुन, 5 गूलर, 5 पिलखन, 2 बेलपत्र और 2 मीठा नीम सहित कुल 101 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद एवं मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा मंदिर पहुंचे श्याम भक्तों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की मुख्य प्रेरणा एक 75 वर्षीय वृद्धा रहीं, जिन्होंने स्वयं पौधा लगाकर उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य बृजमोहन जिंदल ने भारत विकास परिषद नगर इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उपर्णा पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके दीर्घकालीन संरक्षण के लिए एक व्यक्ति को नियमित देखभाल की विशेष जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि मानसून का समय पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त है और परिषद द्वारा शहर भर में ऐसे अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.