ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 28 जुलाई। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत नाल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
![]() |
नाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 किलो डोडा के साथ 3 डीओएल का युवक गिरफ्तार |
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह एवं क्षेत्राधिकारी हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा जैसलमेर-श्रीगंगानगर बाईपास स्थित कावनी चौराहा पर विशेष नाकाबंदी की जा रही थी।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध अवस्था में गुजर रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजवीर, निवासी 3 डीओएल, थाना रावला, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इस खेप के मुख्य सप्लायर तथा तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

