ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 28 जुलाई। शहर में जलदाय विभाग की कथित लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और वार्डों में पेयजल पाइपलाइन लंबे समय से लीकेज होने के बावजूद विभाग द्वारा समय पर मरम्मत नहीं कराई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
![]() |
| सूरतगढ़ में जलदाय विभाग की लापरवाही पर जनता में रोष, पेयजल पाइपलाइन लीकेज से सड़कें बदहाल, हजारों लीटर पानी हो रहा बर्बाद |
लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है, वहीं सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार पानी बहने से लाखों रुपये की लागत से बनी सड़कें भी क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील होती जा रही हैं।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। अंबेडकर भवन एवं पंचायत समिति भवन के पास करीब एक वर्ष से कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज होने के कारण सड़कें टूट चुकी हैं और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसी प्रकार शर्मा बाल मंदिर स्कूल के समीप पिछले एक माह से पाइपलाइन लीकेज होने से सुबह पेयजल आपूर्ति के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है। इसी समय स्कूल खुलने के कारण बच्चों, अभिभावकों और स्कूल वाहनों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलदाय विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शहरी शिविर में भी नहीं हो रही सुनवाई
नगरपालिका सभागार में आयोजित शहरी शिविर में भी लोगों ने इन समस्याओं को कई बार दर्ज कराया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि शिविर में विभाग के अधिकारी उपस्थित नहीं रहते और केवल कर्मचारी शिकायत दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। सरकार द्वारा शिविरों में त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन धरातल पर इसका लाभ आमजन को नहीं मिल रहा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही पेयजल पाइपलाइन लीकेज की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है। लोगों का मानना है कि जनसमस्याओं की लगातार अनदेखी से आमजन में निराशा का माहौल है।

