ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 18 जून। बीकानेर व्यापार एसोसिएशन ने रेलवे बाईपास निर्माण एवं लालगढ़-बीकानेर डबल लाइन परियोजना रद्द होने के मद्देनजर कोटगेट एवं सांखला फाटक पर प्रस्तावित अंडरब्रिज एवं अंडरपास निर्माण योजना को निरस्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय आयुक्त, बीकानेर संभाग को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
![]() |
| रेलवे बाईपास बनने के बाद अंडरब्रिज की जरूरत नहीं, योजना रद्द करने की मांग |
एसोसिएशन के अध्यक्ष नरपत सेठिया एवं सचिव उमेश मेहदीरत्ता ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा बीकानेर शहर के लिए रेलवे बाईपास लाइन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं लालगढ़ से बीकानेर तक प्रस्तावित डबल लाइन परियोजना को भी नेगेटिव रिपोर्ट मिलने के बाद रद्द कर दिया गया है। ऐसे में कोटगेट एवं सांखला फाटक क्षेत्र में प्रस्तावित अंडरब्रिज एवं अंडरपास निर्माण का औचित्य समाप्त हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि इन परियोजनाओं का निर्माण किया जाता है तो इससे क्षेत्र के अनेक आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रभावित होंगे। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र कोटगेट, केईएम रोड एवं आसपास के बाजारों के व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। निर्माण कार्य के दौरान लंबे समय तक यातायात बाधित रहेगा, जिससे आमजन, व्यापारियों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
व्यापार एसोसिएशन का कहना है कि रेलवे बाईपास के निर्माण के बाद शहर के भीतर रेलवे यातायात का दबाव कम होगा और रेलवे फाटकों पर लगने वाली जाम की समस्या में भी राहत मिलेगी। ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत से अंडरब्रिज एवं अंडरपास का निर्माण करना सरकारी धन का अनावश्यक व्यय साबित होगा। इसके बजाय प्रशासन को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप परियोजना की उपयोगिता का पुनर्मूल्यांकन करना चाहिए।
एसोसिएशन ने संभागीय आयुक्त से मांग की है कि जनहित, व्यापारिक हितों तथा शहर की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कोटगेट एवं सांखला फाटक पर प्रस्तावित अंडरब्रिज एवं अंडरपास निर्माण योजना को रद्द करने के लिए रेलवे, लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन सहित संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
व्यापार एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार कर शहरवासियों और व्यापारिक समुदाय की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लेगा।

