ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर टीम आवर फॉर नेशन एवं दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा अमरसिंहपुरा स्थित आवर फॉर नेशन मुख्यालय में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
![]() |
| अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर टीम आवर फॉर नेशन एवं दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने किया सामूहिक योगाभ्यास |
योग सत्र का नेतृत्व योग गुरु एवं प्रोफेसर डॉ. बृजेन्द्र त्रिपाठी तथा दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान संबंधी क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा निर्धारित योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी योग क्रियाएं संपन्न कराई गईं। इस दौरान युवाओं को नियमित रूप से योग को जीवन का हिस्सा बनाने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
लगभग एक घंटे तक चले इस योग सत्र में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ तन, शांत मन और सकारात्मक जीवन दृष्टि के महत्व को समझा। साथ ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।
इस अवसर पर टीम आवर फॉर नेशन ने अपने मूल संदेश “शिकायत नहीं, सहयोग” तथा “हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम” को दोहराते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

