ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। बीकानेर, 25 मई। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि प्रदेश के परम्परागत जल संग्रहण स्त्रोतों के संरक्षण तथा नए स्त्रोतों को बनाने के साथ जन-जन में जल संरक्षण के प्रति जागरुकता के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की पहल पर ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ प्रारम्भ किया गया है।
![]() |
| प्रदेश में जल संरक्षण की दिशा में हो रहे ऐतिहासिक कार्य: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री |
श्री गोदारा ने ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ के शुभारम्भ के पश्चात् पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि अभियान से आमजन में पानी बचाने की जागरुकता आई है। सरकार द्वारा जल संरक्षण स्त्रातों के पूजन पौधारोपण तथा स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जागरुक करने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जल संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का जल संरक्षण के प्रति व्यापक दृष्टिकोण है। इसी के तहत प्रदेश में 25 मई से 5 जून तक बारह दिवसीय वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष इस अभियान से प्रदेश के 3 करोड़ 70 लाख लोग जुड़े। इस बार पंजीकरण प्रारम्भ होने के पहले घंटे में ही पचास हजार से अधिक लोग जुड़ गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार गत वर्ष की तुलना में अधिक जनभागीदारी होगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि बारह दिवसीय अभियान के तहत जल संरक्षण स्त्रोतों का रखरखाव, पौधारोपण, स्वच्छता सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटकों सहित अन्य माध्यमों से आमजन में जागरुकता के प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जल संरक्षण और जन स्वावलम्बन के प्रति संकल्पबद्ध है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा नहरों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। संशोधित पार्वती कालीसिंध चम्बल लिंक परियोजना 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए लागत वाली सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत कार्य किया जा रहा है। अरावली क्षेत्र में सघन पौधारोपण सहित प्रदेश में चारागह विकास, मृदा संरक्षण, टांका और फार्म पौंड निर्माण जैसे कार्य करते हुए प्रदेश को हरा-भरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, प्रभारी सचिव श्री हेमंत गेरा, संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन, राजीविका की मिशन निदेशक श्रीमती प्रियंका गोस्वामी मौजूद रहे।

