ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 24 मई 2026। “हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम” के संकल्प के साथ कार्यरत सामाजिक टीम Hour for Nation द्वारा रविवार को करमीसर रोड स्थित संसोलाव तालाब परिसर में “अमृतम् जलम् अभियान” के अंतर्गत विशाल सफाई अभियान चलाया गया। हर वर्ष मानसून से पूर्व आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य तालाबों में वर्षा जल के प्राकृतिक आवक मार्गों को साफ कर जल संरक्षण को बढ़ावा देना है।
![]() |
| संसोलाव तालाब में चला “अमृतम् जलम् अभियान”, सीए विद्यार्थियों ने दिखाई मिसाल |
अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा, झाड़-झंखाड़ एवं अन्य अवरोध हटाए गए। टीम सदस्यों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर कचरा डंपिंग यार्ड भिजवाया, जिससे तालाब में वर्षा जल के सुचारू प्रवाह का मार्ग काफी हद तक साफ हो सका।
इस अवसर पर विशेष रूप से सीए विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ श्रमदान कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। टीम Hour for Nation ने बताया कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ICAI को स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एम्बेसडर नामित किए जाने के बाद अधिकाधिक सीए विद्यार्थियों को इस जन-जागरूकता अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। आगामी अभियानों में सक्रिय सहभागिता एवं कार्य मूल्यांकन के आधार पर विद्यार्थियों को टीम की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
तालाब के ट्रस्टीगण भी अभियान के दौरान उपस्थित रहे। टीम ने उनसे तालाब की नियमित देखरेख एवं स्वच्छता बनाए रखने में जनसहभागिता बढ़ाने का आग्रह किया, ताकि वर्षा का स्वच्छ जल अधिक मात्रा में तालाब तक पहुँच सके और जल संरक्षण का उद्देश्य सफल हो।
उल्लेखनीय है कि Hour for Nation वर्ष 2016 से संचालित एक स्वैच्छिक एवं गैर-पंजीकृत सामाजिक जन-अभियान है, जो स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। इस अभियान से विभिन्न वर्गों के नागरिक, महिलाएँ, युवा, अधिकारी एवं प्रोफेशनल्स बिना किसी व्यक्तिगत लाभ के राष्ट्रहित में जुड़कर सेवा दे रहे हैं।
अभियान में रमेश उपाध्याय, डॉ. बृजेन्द्र त्रिपाठी, दीपा सिंह, मानक व्यास, सीए सुधीश शर्मा, वंदना शर्मा, सीए वसीम रज़ा, सोनी शर्मा, डॉ. विशाल मलिक, कपिला शर्मा, इन्द्र सिंह, मो. हसन, बसंत, गजेंद्र सरीन, पुरुषोत्तम शर्मा, चंद्र कला उपाध्याय, देव किशन, रक्षित जिंदल एवं हेमंत सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

