ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 16 मई 2026। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत भाजपा बीकानेर शहर जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
![]() |
| भाजपा बीकानेर शहर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ |
जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को मजबूत बनाने एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करते हैं।
प्रशिक्षण स्थल पर भाजपा की गौरवशाली यात्रा, संगठन विस्तार एवं राष्ट्र निर्माण में पार्टी की भूमिका को दर्शाती प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रेरणादायी चित्रों के माध्यम से पार्टी की वैचारिक एवं संगठनात्मक यात्रा को प्रदर्शित किया गया।
उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने “हमारा वैचारिक अधिष्ठान – एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठा” विषय पर कार्यकर्ताओं को भाजपा की मूल विचारधारा से अवगत कराया।
द्वितीय सत्र में प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर संगठन की संघर्ष यात्रा एवं विस्तार पर प्रकाश डाला।
तृतीय सत्र में संगठन जिला प्रभारी ओम सारस्वत ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और अपेक्षाएं” विषय पर अनुशासन एवं संगठनात्मक व्यवहार की जानकारी दी।
चतुर्थ सत्र में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने “कार्य पद्धति” विषय पर संगठनात्मक कार्यों के प्रभावी संचालन को लेकर मार्गदर्शन दिया।
पंचम सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य ने “कार्य विस्तार” विषय पर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
अंतिम सत्र में प्रदेश प्रवक्ता भवानी पाईवाल ने “सोशल मीडिया, मीडिया, नई तकनीक (AI) एवं प्रभावी सूचना तंत्र” विषय पर डिजिटल माध्यमों के सकारात्मक उपयोग की जानकारी दी।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में विधायक सिद्धि कुमारी, जेठानंद व्यास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

