“रिश्तों की राह” में उमड़ा परिवारों का सैलाब, फन्ना बाबू को समर्पित आयोजन में गूंजा “भारत माता की जय”

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर आयोजित “रिश्तों की राह : दो कदम अपनों के संग” कार्यक्रम उत्साह, संस्कृति, फिटनेस और पारिवारिक मूल्यों का अनूठा संगम बन गया। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन एवं फिट इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम स्वर्गीय शिव रतन अग्रवाल “फन्ना बाबू” की स्मृति को समर्पित रहा।

“रिश्तों की राह” में उमड़ा परिवारों का सैलाब, फन्ना बाबू को समर्पित आयोजन में गूंजा “भारत माता की जय”
“रिश्तों की राह” में उमड़ा परिवारों का सैलाब, फन्ना बाबू को समर्पित आयोजन में गूंजा “भारत माता की जय”


कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, विमर्शानंद महाराज, भाजपा देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट कैलाश गोदारा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। अतिथियों ने फाउंडेशन का ध्वज लहराकर वॉक को रवाना किया।

वॉक से पहले असमा नाज और फाउंडेशन टीम द्वारा जोशीला जुम्बा डांस प्रस्तुत किया गया, वहीं रिस्टार्ट अकेडमी की जिमनास्टिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया और उन्हें सम्मानित भी किया गया।

देशभक्ति गीतों और “भारत माता की जय” के नारों के बीच परिवारों, युवाओं और बीएसएफ जवानों ने उत्साहपूर्वक वॉक में भाग लिया। इसके बाद प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया गया।

रवींद्र रंगमंच में आयोजित मुख्य समारोह में माँ सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। फन्ना बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आयोजन को उनकी स्मृति को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में परिवारों और बच्चों के लिए कई मनोरंजक गेम्स एवं एक्टिविटीज आयोजित की गईं, जिनमें विजेताओं को पुरस्कार एवं विशेष सांस्कृतिक गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “नशा मुक्ति शपथ साइन वॉल” रही, जिस पर उपस्थित परिवारों और युवाओं ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस साइन वॉल को बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा को भेंट किया जाएगा, जो “ऑपरेशन नीलकंठ” अभियान से जुड़े हैं।

टीम सदस्य हिताशा एवं दीपक द्वारा तैयार किए गए विशेष कैनवास पर सभी परिवारों के थंब इम्प्रेशन लेकर “परिवार वृक्ष” बनाया गया। इस स्मृति चिन्ह को फन्ना बाबू के पुत्र दीपक अग्रवाल को भेंट किया गया।

कार्यक्रम में कॉमेडियन एवं अभिनेता युधिष्ठिर सिंह भाटी सहित कई सामाजिक, खेल एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन आरजे डीके और ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्था का पहला बड़ा आयोजन था और भविष्य में खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में और भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.